jamshedpur-टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन

Daily Dose 24/7
टिनप्लेट यूनियन एजुकेशनल ट्रस्ट एवं टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय में विगत दिनों विज्ञान प्रदर्शनी (Science Exhibition) का भव्य आयोजन किया गया।
इस प्रदर्शनी में महाविद्यालय की छात्राओं ने अपने द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने नवाचार, रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों के समक्ष अपने-अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को विस्तारपूर्वक समझाया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में को-ऑपरेटिव कॉलेज के भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष श्री प्रकाश सरकार एवं रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष श्री राजेश कुमार ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मॉडलों का बारीकी से मूल्यांकन किया तथा उनकी वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन किया। इसके अतिरिक्त छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष श्री राकेश्वर पांडेय, टाटा मेन हॉस्पिटल (टिनप्लेट डिवीजन) के प्रमुख श्री कीर्ति भूषण, महाविद्यालय के सचिव परविंदर सिंह सोहल, यूनियन के महासचिव मनोज कुमार सिंह, वाइस प्रेसिडेंट साई बाबू राजू एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता स्वैन ने संयुक्त रूप से किया।
पूरा कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही आने वाले दिनों में सभी विजेता छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप मोमेंटो एवं नकद राशि प्रदान की जाएगी।
इस सफल आयोजन को साकार करने में टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय की विज्ञान संकाय की शिक्षिकाओं, विशेषकर श्रीमती आभा सिंह, सुमिती मालाकार , निवेदिता कुमारी एवं उनकी सहयोगी शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। उनके अथक परिश्रम, समर्पण एवं कुशल संयोजन के कारण यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधन के सदस्य
संजय कुमार सिंह, सग्राम किशोर दास, विनय कुमार सिंह, अमृत कुमार झा,निरंजन महापात्र, नवजोत सिंह सोहल, शिक्षकगण, शिक्षिकाएं, यूनियन एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, आत्मविश्वास एवं व्यावहारिक ज्ञान को प्रोत्साहित करना था, ताकि वे भविष्य में शिक्षा एवं विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें।
Top Stories
