jamshedpur-“आगामी पर्व त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद”-साकची थाना प्रभारी

jamshedpur
SIKH MEDIA
आगामी दिनों में शहर में होने वाले प्रमुख त्योहारों ईद, सरहुल, हिन्दू नववर्ष और रामनवमी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से साकची थाना परिसर में थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में (नगर उपाधीक्षक) सुनील कुमार चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए तथा उन्होंने बताया कि सभी लोग अपने पर्व त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाएं जिला प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। इस दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रहेगी ताकि कोई भी भ्रामक खबर कोई भी व्यक्ति पोस्ट ना करे। किसी प्रकार की सहायता के लिए जानता साकची थाना से संपर्क कर सकती है, परंतु किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के साथ प्रशासन सख्ती से निपटेगा।
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि हिंदू नववर्ष पर निकली जाने वाली यात्रा का समापन आम बागान मैदान में होगा जहां पूरी सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन द्वारा मुहैया कराई जाएगी तथा इसके अलावा ईद में भी विभिन्न स्थानों पर ईदगाह पर मस्जिद और कब्रिस्तान पर पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। रामनवमी जुलूस में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और वह स्वयं साकची से लेकर स्वर्णरेखा घाट तक मॉनिटरिंग और निगरानी करते रहेंगे। साकची थाना प्रभारी ने कहा कि सरहुल पर्व पर निकाले जाने वाली शोभा यात्रा के लिए साकची पत्ता मार्केट, साकची बड़ा गोलचक्कर एवं सागर होटल गोलचक्कर पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
शांति समिति के सदस्य बाल मंदिर साकची बाजार के सन्नी संघी ने प्रस्ताव दिया कि झंडा चौक में बाल मंदिर द्वारा रामनवमी पर्व पर विशेष आयोजन बड़े पैमाने पर होता है इस कारण तकरीबन 5 दिनों तक फुटपाथ ना लगे इसकी व्यवस्था प्रशासन अवश्य करें और सहयोग करे। सोनू राजा खान ने बताया कि आम बागान ईदगाह मैदान पर बड़ी संख्या में लोग ईद की नमाज अदा करते हैं इसलिए वहां पेयजल और सफाई की व्यवस्था कराने में प्रशासन उनका सहयोग करे।
सक्रिय सदस्य परमजीत सिंह काले ने कहा कि पूर्व की भांति सभी पर्व त्यौहार में पूरी शांति समिति के सदस्य साकची थाना एवं प्रशासन को सहयोग करते हुए सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उपस्थित सभी सदस्यों ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। इस बैठक में मुख्य रूप से तेज प्रताप पांडे, उमेश शर्मा, परमजीत सिंह काले, राकेश साहू, सोनू रजा खान, अमित संघी, शांतनु बोश, हरविंदर सिंह, मुन्ना खान, संजीव कुमार बर्मन, मनोज बाजपेई, सैयद कलीम, डॉक्टर उधम सिंह, शशांक बाजपेई और मनमोहन सिंह आदि शामिल हुए।