jamshedpur-डीडी बार हत्याकांड : तीन और गिरफ्तार, हथियार व बाइक बरामद.

Daily Dose 24/7
एसआईटी की कार्रवाई जारी, आरोपियों को फरार कराने और हथियार छिपाने में मदद का आरोप.
जमशेदपुर, संवाददाता। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार, एक मोटरसाइकिल तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हिमांशु सिंह एवं प्रत्युष सिंह पर जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 84/2026 दर्ज कर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के क्रम में पहले पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अब डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद, लखिंद्र लोहार तथा जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि जगदीश मंडल ने घटना के बाद मुख्य आरोपियों को फरार होने, हथियार छिपाने और वाहन उपलब्ध कराने में सहयोग किया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों एवं विधि-विरुद्ध बालक की निशानदेही पर लोहे का चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली, बड़ा चाकू, आठ लोहे के पंच, एक स्टील की गुप्ती, मोटरसाइकिल (JH-05EH-7980) तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।