वीर बाल दिवस- केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जमशेदपुर स्थित शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा में मत्था टेका,know more about it.
वीर बाल दिवस
updated December 26 by Gurdeep Saluja

जमशेदपुर के सीतारामडेरा स्थित शहीद बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा में मंगलवार को कृषि और किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने वीर बाल दिवस के अवसर पर मत्था टेका। साथ ही मुंडा ने साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के शहादत दिवस पर उन्हें नमन किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए छोटी उम्र में साहिबजादों के बलिदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता।
याद रहे की 26 दिसंबर, 1704 को सरहिंद के मुगल गवर्नर वजीर खान ने 10वें गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादे (पुत्रों) बाबा फतेह सिंह और बाबा जोरावर सिंह को दरबार में मृत्यु का आदेश दिया था। उनकी शहादत के सम्मान में वीर बाल दिवस मनाया जाता है। उल्लेखनीय है कि शहीद दीप सिंह जी की शहादत की याद में बनाया गया यह जमशेदपुर का एकमात्र गुरुद्वारा है।
सिखों में अन्याय और विनाशकारी शक्तियों के खिलाफ लड़ने की एक लंबी परंपरा है। वे पीढ़ियों से सर्वोच्च बलिदान देते आ रहे हैं। मानवता और देश के लिए सिख गुरुओं द्वारा दिए गए बलिदान की कोई बराबरी नहीं कर सकता। निस्वार्थ सेवा और शांति का संदेश देने वाले गुरु ग्रंथ साहिब न केवल सिख समुदाय के लिए, बल्कि हर दूसरे भारतीय समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
