jamshedpur-साकची में पांच दिवसीय प्रभात फेरी के साथ प्रकाशपर्व की तैयारियों का शुभारंभ

SIKH MEDIA
गुरबाणी कीर्तन, नाम-सिमरन और श्रद्धा के साथ निकली पहली प्रभात फेरी; 23 नवंबर तक साकची में करेगी भ्रमण
सिख धर्म के प्रथम गुरु, साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाशपर्व को समर्पित धार्मिक आयोजनों की शुरुआत गुरुवार को साकची गुरुद्वारा साहिब की ओर से पांच दिवसीय प्रभात फेरियों के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक हुई।
गुरुवार को प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रातःकाल साकची स्थित गुरु नानक नगर से हुआ। यहां स्थानीय निवासी सरदार हरदयाल सिंह एवं सरदार मोनी सिंह रंधावा ने अपने आवास पर प्रभात फेरी का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया तथा संगत के लिए जलपान की सेवा निभाई। इसके उपरांत गुरु साहिब की महिमा का कीर्तन एवं गुरबाणी का गायन करते हुए प्रभात फेरी क्षेत्र की विभिन्न गलियों से आगे बढ़ी। रास्ते में श्रद्धालु संगत भाव-विभोर होकर इसमें शामिल होती गई। इस दौरान ‘कल तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण गुरुमय हो गया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची की ओर से प्रकाशपर्व से पूर्व आयोजित होने वाली प्रभात फेरियों का विस्तृत रूट चार्ट भी जारी किया गया। साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह एवं महामंत्री परमजीत सिंह काले ने बताया कि पिछली बैठक में प्रभात फेरी के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए एक विशेष उप-समिति का गठन किया गया था। इसमें हरविंदर सिंह, प्रितपाल सिंह, सुरजीत सिंह छीते, परमजीत सिंह काले, बलबीर सिंह एवं दलजीत सिंह को शामिल किया गया है। समिति के सदस्य आपसी समन्वय के साथ पूरे आयोजन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
प्रभात फेरी उप-समिति के सदस्य हरविंदर सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर (शुक्रवार) को पुरानी काशीडीह एवं बगान एरिया, 21 नवंबर (शनिवार) को न्यू काशीडीह एवं बाराद्वारी, 22 नवंबर (रविवार) को रिफ्यूजी कॉलोनी एवं सीतारामडेरा तथा 23 नवंबर (सोमवार) को पुनः गुरु नानक नगर एवं ठाकुरबाड़ी रोड क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
प्रभात फेरी प्रतिदिन प्रातः 3 बजे गुरुद्वारा साहिब से प्रस्थान करेगी। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में नौजवान सभा, साकची स्त्री सत्संग सभा एवं सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। उप-समिति के सदस्य प्रितपाल सिंह एवं सुरजीत सिंह छीते ने कहा कि प्रभात फेरी का उद्देश्य केवल प्रकाशपर्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना नहीं, बल्कि श्री गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने के लिए संगत को प्रेरित करना भी है।
संगत की सुविधा एवं अधिकाधिक परिवारों को गुरु साहिब की पावन उपस्थिति का आध्यात्मिक अनुभव कराने के उद्देश्य से कमेटी की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। जो परिवार अपने निवास स्थान पर प्रभात फेरी का स्वागत एवं दर्शन करना चाहते हैं, वे 8210248895 पर संपर्क कर सकते हैं।
ये समाचार आप सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जमशेदपुर, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी गौरीशंकर रोड जुगसलाई, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सोनारी,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मानगो, एवं सरदार सुरेन्द्र पाल सिंह जी “टिटू” स्टेट चेयरमैन बिल्डर्स एशोसिएशन ऑफ इंडिया ( झारखंड राज्य), गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साक्ची,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नामदा बस्ती,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सीतारामडेरा,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी टिनप्लेट,दुपट्टा सागर बिस्टुपुर के सौजन्य से प्राप्त कर रहे हैं।

Top Stories