jamshedpur-सोनारी गुरुद्वारा में मनाया गया श्री गुरु रामदास जी का प्रकाशोत्सव।

SIKH MEDIA
सरदार भगवान सिंह ने सतवंत सिंह एवं बेअंत सिंह की शहादत को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
सिख संगत ने गुरु दरबार में माथा टेककर लिया आशीर्वाद, सीजीपीसी पदाधिकारियों ने संगत को किया संबोधित
जमशेदपुर: सोनारी स्थित गुरुद्वारा साहिब में प्रबंधक कमेटी एवं संगत के सहयोग से श्री गुरु रामदास जी का प्रकाशोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में बड़ी संख्या में सिख संगत ने अपनी हाजिरी भरकर गुरु महाराज के चरणों में माथा टेका और श्री गुरु रामदास जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर सिख संगत में विशेष उत्साह देखने को मिला। गुरुद्वारा साहिब में आयोजित धार्मिक समागम के दौरान संगत ने गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने अपने संबोधन में शहीद सतवंत सिंह एवं बेअंत सिंह की शहादत को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने संगत को सिख इतिहास एवं शहादत की परंपरा से जुड़े रहने का संदेश दिया।
वहीं, सीजीपीसी चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी संगत के साथ साझा की। उन्होंने समाज एवं संगत के हित में चल रही सेवाओं से अवगत कराते हुए सिख समुदाय की एकजुटता और सेवा भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
प्रोग्राम में सुबह श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के उपरांत गुरबाणी किर्तन समागम आयोजित किया गया, जिसमें हजूरी रागी जत्था भाई रामप्रीत सिंह, संगीत शिक्षिका बीबी रविंदर कौर एवं गुरु रामदास सेवा दल की महिला विंग द्वारा श्री दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई गुरचरण सिंह ने अपने मनोहर गुरबाणी किर्तन से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।
श्री गुरु रामदास जी के प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा। प्रबंधक कमेटी एवं संगत के सामूहिक सहयोग से आयोजित यह धार्मिक समागम गुरु साहिब के प्रति आस्था और सिख परंपराओं के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।
इस मौके पर सीजीपीसी कार्यालय के पदाधिकारी तथा साक्ची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी समेत सैकड़ों की संख्या में संगत मौजूद थी।
कार्यक्रम के उपरांत गुरु का अटूट लंगर वरताया गया।
ये समाचार आप सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जमशेदपुर, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी गौरीशंकर रोड जुगसलाई, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सोनारी,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मानगो, एवं सरदार सुरेन्द्र पाल सिंह जी “टिटू” स्टेट चेयरमैन बिल्डर्स एशोसिएशन ऑफ इंडिया ( झारखंड राज्य), गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साक्ची,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नामदा बस्ती,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सीतारामडेरा,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी टिनप्लेट,दुपट्टा सागर बिस्टुपुर के सौजन्य से प्राप्त कर रहे हैं।

Top Stories