Loading ...

jamshedpur- जमशेदपुर में गूंज रही गुरबाणी, विभिन्न गुरुद्वारों से निकल रही प्रभात फेरियां.

---Advertisement----
---Advertisement----
---Advertisement----
🔇
×
---Advertisement----

jamshedpur

SIKH MEDIA

जमशेदपुर: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव को लेकर लौहनगरी जमशेदपुर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। शहर के विभिन्न गुरुद्वारों से प्रतिदिन श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। इन प्रभात फेरियों के माध्यम से सिख संगत गली-मोहल्लों में पहुंचकर गुरबाणी कीर्तन का प्रचार-प्रसार कर रही है और श्री गुरु नानक देव जी के महान उपदेशों एवं शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है।

शहर के साकची, मानगो, सोनारी, गौरीशंकर रोड, टिनप्लेट, नामदा बस्ती एवं सीतारामडेरा सहित विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों से निरंतर प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा है। प्रभात फेरियों में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे श्रद्धापूर्वक शामिल होकर गुरबाणी कीर्तन करते हुए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं।

सुबह-सुबह गलियों और मोहल्लों में गूंजती गुरबाणी से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। संगत गुरु साहिब की महिमा का गुणगान करते हुए उनके संदेशों को लोगों तक पहुंचा रही है।

श्री गुरु नानक देव जी ने मानवता को एकता, समानता, सेवा, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश दिया था। प्रभात फेरियों के माध्यम से सिख संगत उन्हीं महान शिक्षाओं को आत्मसात करने और समाज में फैलाने का प्रयास कर रही है। प्रकाशोत्सव को लेकर शहर की संगत में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिल रही है।

सिख कौम संसार की एकमात्र ऐसी कौम है जो दस गुरुसाहिबानों के आशिर्वाद व श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के उपदेशों के चलते सारे विश्व में मानवता का प्रचार कर रही है। सिख पंथ में प्रभात फेरी का बहुत अधिक महत्त्व माना जाता है।

विद्वान बताते हैं कि प्रभात फेरी गुरपुरब के दिनों में सबसे अधिक निकाली जाती है। बता दें कि इसके नाम में ही इसका अर्थ छिपा हुआ है। ‘प्रभात’ का अर्थ सुबह के प्रथम प्रहर से है जोकि लगभग 4 बजे के बाद जो समय होता है, जबकि फेरी का अर्थ आसपास घूमना होता है। अर्थात हम ये कह सकते है कि प्रभात फेरी वह है जब सुबह के समय उस अकाल पुरख के प्यारे इक्कठे होकर अपने आसपास के इलाके में घूम घूम कर उसका नाम याद करते हैं।

प्राचीन भारत में ऐसे बहुत से ईश्वर-भक्त मिलते है जो अपने रब को प्रसन्न करने के लिए प्रात काल उसकी प्रार्थना करते थे। कहते है उस समय सुबह सुबह उस परमपिता परमात्मा के उपदेशों को आसपास के क्षेत्रों में पढ़ा जाता था।

प्रभात फेरी का इतिहास काफी पुराना है। लेकिन सिख पंथ में प्रभात फेरी को सबसे अधिक अहमियत पंथ की छठी ज्योत श्री गुरू हरगोबिंद जी के समय मिली। विद्वान बताते है कि जब गुरू जी ग्वालियर के किले में कैद थे तो उनके सेवादारों ने बाबा बुड्ढा जी के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकालना शुरू किया था। इस फेरी में वे सुबह सुबह ही गुरू-भक्तों के साथ मिलकर अकाल पुरख की स्तुति में जुट जाते थे। उस समय के बाद ही गुरू जी ने पंथ में प्रभात फेरी को अनिवार्य कर दिया। जिसके परिणामस्वरूप आज भी सिख संगत गुरुपर्व के आने से कुछ दिन पहले ही प्रभात फेरियां शुरू कर देती हैं।

आपको बता दें कि प्रभात फेरी के दौरान संगत गहरे कोहरे में भी गुरुबाणी-कीर्तन करते हुए गलियों से गुजरती हैं। इस फेरी में सतनाम श्री वाहेगुरु शब्द की अमृत वर्षा सुनने को मिलती है।

ये समाचार आप सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जमशेदपुर, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी गौरीशंकर रोड जुगसलाई, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सोनारी,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मानगो, एवं सरदार सुरेन्द्र पाल सिंह जी “टिटू” स्टेट चेयरमैन बिल्डर्स एशोसिएशन ऑफ इंडिया ( झारखंड राज्य), गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साक्ची,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नामदा बस्ती,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सीतारामडेरा,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी टिनप्लेट,दुपट्टा सागर बिस्टुपुर के सौजन्य से प्राप्त कर रहे हैं।


Top Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *