jamshedpur-गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर साकची गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां तेज

SIKH MEDIA
आकर्षक विद्युत सज्जा और आतिशबाजी होगी मुख्य आकर्षण
जमशेदपुर: सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में साकची गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रकाश पर्व और नगर कीर्तन के समापन पर उमड़ने वाली भारी संगत को ध्यान में रखते हुए गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक रूप देने का कार्य किया जा रहा है। पूरे गुरुद्वारा परिसर में रंग-रोगन के साथ-साथ आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है।
गौरतलब है कि नगर कीर्तन की समाप्ति साकची गुरुद्वारा साहिब में होती है, जहां पालकी साहिब के पहुंचने पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते हैं। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। गुरु दरबार को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। वहीं, पालकी साहिब के आगमन पर विशेष लाइटों के माध्यम से भव्य स्वागत किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की ओर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी।
इस बार प्रकाश पर्व के अवसर पर बड़े पैमाने पर रंग-बिरंगी आतिशबाजी की भी व्यवस्था की जा रही है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
साकची गुरुद्वारा साहिब जमशेदपुर के प्रमुख गुरुद्वारों में से एक है। यहां नगर कीर्तन के समापन पर बड़ी संख्या में संगत पहुंचती है और गुरु का अटूट लंगर ग्रहण करती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के लिए लंगर तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
उक्त जानकारी गुरुद्वारा साहिब साकची के महासचिव सरदार परमजीत सिंह काले ने दी। उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ 22 नवंबर को किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रकाश पर्व को श्रद्धा, उत्साह और व्यापक रूप से मनाने की तैयारी चल रही है।
ये समाचार आप सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जमशेदपुर, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी गौरीशंकर रोड जुगसलाई, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सोनारी,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मानगो, एवं सरदार सुरेन्द्र पाल सिंह जी “टिटू” स्टेट चेयरमैन बिल्डर्स एशोसिएशन ऑफ इंडिया ( झारखंड राज्य), गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साक्ची,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नामदा बस्ती,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सीतारामडेरा,गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी टिनप्लेट,दुपट्टा सागर बिस्टुपुर के सौजन्य से प्राप्त कर रहे हैं।

Top Stories